अगुवे जो अपने ही लोगों को निगल जाते हैं
यह आरोप नरभक्षी चित्रों में कहा गया है: ऐसे अगुवे जो अपने ही लोगों की खाल उधेड़ते हैं और उन्हें हाँडी के लिए टुकड़े-टुकड़े करते हैं। भविष्यद्वक्ता उसी को शान्ति का सन्देश सुनाते हैं जो उन्हें खाना खिलाए। हमारे पिता उन्हें उत्तर नहीं देंगे। इन्हीं लोगों के कारण सिय्योन खेत की तरह जोता जाएगा और मन्दिर का पहाड़ जंगल बन जाएगा।
3 1तब मैंने कहा: हे याकूब के अगुवो, हे इस्राएल के घराने के प्रधानो, सुनो! क्या न्याय को जानना तुम्हारा कर्तव्य नहीं है? 2तुम जो भलाई से बैर और बुराई से प्रेम रखते हो, जो मेरे लोगों की खाल उतारते और उनकी हड्डियों पर से उनका मांस नोच लेते हो; 3जो मेरे लोगों का मांस खाते, उनकी खाल उधेड़ते, और उनकी हड्डियों को टुकड़े-टुकड़े कर देते हो; जो उन्हें हंडे के लिए मांस के समान और कढ़ाही के भीतर के गोश्त के समान काट डालते हो। 4तब वे हमारे परमपिता की दोहाई देंगे, परन्तु वे उन्हें उत्तर न देंगे; उस समय वे उनसे अपना मुख छिपा लेंगे, क्योंकि उन्होंने बुरे काम किए हैं।
5जो भविष्यद्वक्ता मेरे लोगों को भटकाते हैं, उनके विषय में हमारे परमपिता यों कहते हैं: जब उन्हें खाने को मिलता है, तब वे “शान्ति” का प्रचार करते हैं, परन्तु जो उनके मुंह में कुछ नहीं डालता, उसके विरुद्ध वे युद्ध की घोषणा कर देते हैं। 6इसलिए तुम पर ऐसी रात आएगी जिसमें कोई दर्शन न होगा; तुम्हारे लिए ऐसा अंधकार होगा जिसमें कोई भावी न कही जाएगी। भविष्यद्वक्ताओं पर सूर्य अस्त हो जाएगा, और उन पर दिन अंधेरा हो जाएगा। 7दर्शी लज्जित होंगे और भावी कहनेवाले निरादर होंगे; वे सब लज्जा के मारे अपना मुंह ढांप लेंगे, क्योंकि हमारे परमपिता की ओर से कोई उत्तर नहीं आता।
8परन्तु मैं तो सामर्थ्य से—हमारे पिता के आत्मा से—और न्याय और पराक्रम से परिपूर्ण हूं, कि याकूब को उसका अपराध और इस्राएल को उसका पाप बताऊं। 9हे याकूब के घराने के अगुवो और हे इस्राएल के घराने के प्रधानो, यह सुनो, तुम जो न्याय से घृणा करते और सब सीधी बातों को टेढ़ा कर देते हो, 10जो सिय्योन को हत्या से और यरूशलेम को कुटिलता से बनाते हो। 11उसके अगुवे घूस लेकर न्याय करते हैं, उसके याजक दाम लेकर शिक्षा देते हैं, और उसके भविष्यद्वक्ता रुपया लेकर भावी कहते हैं; फिर भी वे हमारे परमपिता पर भरोसा रखकर कहते हैं, “क्या हमारे परमपिता हमारे बीच में नहीं हैं? हम पर कोई विपत्ति नहीं आ सकती।” 12इसलिए तुम्हारे कारण सिय्योन खेत के समान जोता जाएगा, यरूशलेम खंडहरों का ढेर हो जाएगा, और भवन का पर्वत जंगली टीला बन जाएगा।