हे मेरे मन, हमारे परमपिता को धन्य कह
दाऊद का भजन।
हमारे पिता की उन कृपाओं की सूची जिन्हें भूलना नहीं है — पाप क्षमा हुए, रोग चंगे हुए, जीवन गड्ढे से छुड़ाया गया। इसके केंद्र में एक तुलना है: जैसे पिता का हृदय अपने बच्चों की ओर उमड़ता है, वैसे ही उनका हृदय हमारी ओर उमड़ता है। वह स्मरण रखते हैं कि हम मिट्टी ही हैं।
103 1हे मेरे मन, हमारे परमपिता को धन्य कह; और जो कुछ मुझ में है, वह उसके पवित्र नाम को धन्य कहे!
2हे मेरे मन, हमारे परमपिता को धन्य कह, और उसके किसी भी उपकार को न भूल, 3वही तेरे सब अधर्म को क्षमा करता है, और तेरे सब रोगों को चंगा करता है, 4वही तेरे प्राण को कब्र से छुड़ा लेता है, और करुणा और दया का मुकुट तुझे पहनाता है, 5वही तुझे जीवन भर उत्तम पदार्थों से तृप्त करता है, यहाँ तक कि तेरी जवानी उकाब की नाईं नई होती जाती है।
6हमारे परमपिता सब पिसे हुओं के लिये धार्मिकता और न्याय के काम करते हैं।
7उसने अपने मार्ग मूसा को बताए, और अपने काम इस्राएलियों को जताए। 8हमारे परमपिता दयालु और अनुग्रहकारी हैं, क्रोध करने में धीरजवन्त और अति करुणामय हैं। 9वह सदा वाद-विवाद करता न रहेगा, और न अपने क्रोध को सर्वदा बनाए रखेगा। 10उसने हमारे पापों के अनुसार हम से व्यवहार नहीं किया, और न हमारे अधर्म के कामों के अनुसार हमें बदला दिया। 11क्योंकि जैसे आकाश पृथ्वी के ऊपर ऊँचा है, वैसे ही उसके डरवैयों पर उसकी करुणा प्रबल है; 12जैसे पूर्व पश्चिम से दूर है, वैसे ही हमारे परमपिता ने हमारे अपराधों को हम से दूर कर दिया है।
13जैसे पिता का हृदय अपने बच्चों की ओर उमड़ता है, वैसे ही हमारे परमपिता का हृदय अपने डरवैयों की ओर उमड़ता है। 14क्योंकि वह हमारी सृष्टि को जानता है; उसे स्मरण रहता है कि हम मिट्टी ही हैं। 15मनुष्य की आयु घास के समान होती है; वह मैदान के जंगली फूल के समान फूलता है; 16उस पर पवन बह जाती है, तब वह लोप हो जाता है, और उसका स्थान उसे फिर नहीं जानता। 17परन्तु हमारे परमपिता की करुणा अनादिकाल से अनन्तकाल तक उसके डरवैयों पर बनी रहती है, और उसकी धार्मिकता उनके बच्चों के बच्चों पर; 18अर्थात् उन पर जो उसकी वाचा का पालन करते हैं, और उसके उपदेशों को स्मरण करके उन पर चलते हैं।
19हमारे परमपिता ने अपना सिंहासन स्वर्ग में स्थिर किया है, और उसका राज्य सब पर प्रभुता करता है।
20हे हमारे परमपिता के दूतो, तुम जो बलवन्त वीर हो और उसके वचन को पूरा करते हो, उसके हर एक वचन का पालन करते हुए उसे धन्य कहो! 21हे हमारे परमपिता की सारी सेना, तुम जो उसके सेवक हो और उसकी इच्छा पूरी करते हो, उसे धन्य कहो! 22हे हमारे परमपिता के सारे कामो, उसके राज्य के सब स्थानों में उसे धन्य कहो। हे मेरे मन, हमारे परमपिता को धन्य कह!