कोरह के पुत्र
प्रधान बजानेवाले के लिये। कोरह के पुत्रों का एक भजन।
हमारे पिता ने पहले भी इन लोगों को क्षमा किया है, और वे माँगते हैं कि वह पीढ़ी-दर-पीढ़ी क्रोधित रहने के बदले फिर से ऐसा करे। उन्हें जो उत्तर मिलता है वह शांति है, और एक चित्र: प्रेम और सच्चाई आपस में मिलते हैं, धार्मिकता और शांति एक-दूसरे को चूमती हैं, और भूमि अपनी उपज देती है।
85 1हे हमारे परमपिता, तूने अपने देश पर अनुग्रह किया; तूने याकूब को बंधुआई से लौटा लाया। 2तूने अपनी प्रजा का अधर्म क्षमा किया; तूने उनके सारे पाप को ढांप दिया। 3तूने अपने सारे क्रोध को दूर कर लिया; तू अपने भड़के हुए कोप से लौट आया।
4हे हमारे परमपिता, हमारे उद्धारकर्ता, हमें फिर बहाल कर; और हम पर से अपना क्रोध हटा ले। 5क्या तू हम पर सदा के लिये क्रोधित रहेगा? क्या तू पीढ़ी से पीढ़ी तक अपने कोप को बढ़ाता रहेगा? 6क्या तू हमें फिर से जिला न देगा, कि तेरी प्रजा तुझ में आनन्दित हो? 7हे हमारे परमपिता, हमें अपनी करुणा दिखा, और हमें अपना उद्धार प्रदान कर।
8मैं सुनूं कि हमारे परमपिता क्या कहेंगे, क्योंकि वह अपनी प्रजा से, अपने भक्तों से शान्ति की बातें कहेंगे; पर वे फिर मूर्खता की ओर न लौटें। 9निश्चय उसका उद्धार उसके डरवैयों के समीप है, कि महिमा हमारे देश में वास करे। 10करुणा और सच्चाई आपस में मिल गई हैं; धार्मिकता और शान्ति ने आपस में चुम्बन किया है। 11सच्चाई पृथ्वी में से उगती है, और धार्मिकता आकाश से झांकती है। 12हां, हमारे परमपिता वही देंगे जो भला है, और हमारा देश अपनी उपज देगा। 13धार्मिकता उसके आगे-आगे चलेगी और उसके पगों के लिये मार्ग तैयार करेगी।