सात बार ताया हुआ चाँदी
प्रधान बजानेवाले के लिये। शमीनीत राग में। दाऊद का एक भजन।
विश्वासयोग्य लोग लुप्त हो गए हैं और हर कोई कपटी मन से चापलूसी करता है। भजनकार विनती करता है कि डींग मारनेवाली जीभें काट दी जाएँ, और उसे उत्तर मिलता है: क्योंकि दीन कराहते हैं, हमारे पिता कहते हैं कि वह उठेंगे। उनके वचन सात बार ताए हुए चाँदी के समान हैं।
12 1हे हमारे परमपिता, सहायता कर, क्योंकि भक्त लोग जाते रहे; निष्ठावान मनुष्यों की सन्तानों में से लोप हो गए हैं। 2हर एक अपने पड़ोसी से झूठ बोलता है; वे चापलूसी भरे होंठों और दुचित्ते मन से बातें करते हैं। 3हमारे परमपिता सब चापलूसी भरे होंठों को, और बड़ा बोल बोलनेवाली हर एक जीभ को काट डालें, 4जो कहते हैं, “हम अपनी जीभ से प्रबल होंगे; हमारे होंठ हमारे ही हैं—हम पर प्रभु कौन है?”
5“दीन लोगों के लूटे जाने के कारण, और दरिद्रों के कराहने के कारण, अब मैं उठूँगा,” हमारे परमपिता कहते हैं। “जो उद्धार की लालसा करता है उसे मैं सुरक्षा में पहुँचाऊँगा।”
6हमारे परमपिता के वचन पवित्र वचन हैं, वे उस चाँदी के समान हैं जो मिट्टी की भट्ठी में ताई गई, और सात बार निर्मल की गई हो। 7हे हमारे परमपिता, तू ही दरिद्रों को सुरक्षित रखेगा; तू हमें इस पीढ़ी से सदा के लिये बचाए रखेगा। 8जब मनुष्यों की सन्तानों में नीचता की प्रतिष्ठा होती है, तब दुष्ट लोग चारों ओर घूमते फिरते हैं।